एसडीएम की तत्परता से दूर हुई एक वर्ष पुरानी जलभराव की समस्या, अवैध अतिक्रमण हटाकर कराई गई जल निकासी
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। मऊ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खण्डेहा के मजरा अर्जुनपुर में पिछले लगभग एक वर्ष से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी। रास्ते पर हमेशा पानी भरा रहने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों का आरोप था कि कुछ दबंगों द्वारा नाला नहीं बनने दिया जा रहा था, जिससे पानी की निकासी बाधित थी। साथ ही सड़क के दोनों ओर अवैध अतिक्रमण भी किया गया था।इस समस्या को लेकर गांव निवासी कंचन सिंह ने मऊ तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी राम ऋषि रमन को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एसडीएम के निर्देश पर तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर सड़क पर भरे पानी की निकासी कराई गई। कई घंटे तक अभियान चलाकर जलभराव वाले स्थान की खुदाई कर नाला खोला गया और अवैध अतिक्रमण हटाया गया, जिससे रुका हुआ पानी पूरी तरह निकल गया। जल निकासी सुचारु होने से ग्रामीणों को राहत मिली और आवागमन की समस्या समाप्त हो गई। ग्राम प्रधान सुभाष सिंह ने बताया कि गांव लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहा था। प्रशासन की पहल से न केवल पानी की निकासी हुई, बल्कि स्थायी समाधान की दिशा में भी कदम उठाते हुए नाले की खुदाई जेसीबी के माध्यम से कर दी गई है, मौके पर उपजिलाधिकारी ने जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव से भी दूरभाष पर वार्ता की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि ग्राम प्रधान द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने पर जिला पंचायत की ओर से लगभग 600 मीटर लंबे नाले के निर्माण की कार्रवाई कराई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी राम ऋषि रमन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। अभियान के दौरान नायब तहसीलदार पारुल सिंह, नायब तहसीलदार अखिल कुमार पांडेय, पुलिस बल, ग्राम प्रधान सुभाष सिंह तथा शिकायतकर्ता सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।









