एक्सप्रेस-वे पर मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
निष्पक्ष जन अवलोकन हैदरगढ़ (बाराबंकी)। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के दयाराम पुरवा के निकट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार भोर एक 35 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खेमीपुर गांव निवासी राजेंद्र की पत्नी गुड़िया के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष के अनुसार, मंगलवार रात करीब 1 बजे घरेलू विवाद के बाद गुड़िया घर से निकल गई थी। कुछ लोगों का दावा है कि महिला स्वयं एक ट्रक के सामने आकर लेट गई, जिसके बाद उसके ऊपर से कई वाहन गुजरते चले गए। वहीं, बुधवार दोपहर बाद लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र से पहुंचे मायके पक्ष ने मामले को हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि गुड़िया की हत्या कर शव को एक्सप्रेस-वे पर फेंका गया है। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि पूर्व में भी महिला ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उसे बचा लिया गया था। सीओ हैदरगढ़ समर बहादुर सिंह ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









