इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण, विधायक ने सरकार पर साधा निशाना

इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण, विधायक ने सरकार पर साधा निशाना

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव ने विकासखंड बंकी के ग्राम बंधौली, शहाबपुर एवं बानियतारा में क्षेत्र पंचायत निधि से नवनिर्मित इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण गांव के वरिष्ठ नागरिकों से कराया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक श्री यादव ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो गई है तथा कानून व्यवस्था भी ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और जनता के हित में भाजपा को सत्ता से बाहर करना जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार के लगभग दस वर्षों के कार्यकाल में सत्ता का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हुआ है और संविधान की अनदेखी की जा रही है। समाजवादी पार्टी के लिए संविधान सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 का चुनाव “करो या मरो” की स्थिति वाला होगा और किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर शेखर वर्मा, इन्द्र पाल सिंह वर्मा, विकास वर्मा, विलास वर्मा, अमृत लाल यादव, उमेश चंद्र वर्मा, प्रदीप वर्मा (मास्टर) सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।