असैनी मोड़ पर गैस टैंकर में रिसाव से मचा हड़कंप, हाईवे बंद कर रूट डायवर्ट

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। देर शाम नगर कोतवाली क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नेशनल हाईवे पर असैनी मोड़ के पास गैस से लदे एक टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे की दोनों लेन को बंद कर रूट डायवर्ट कर दिया। इसके चलते शहर के भीतर भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक गुरप्रीत मथुरा से करीब 18 टन एलपीजी लादकर नेपाल जा रहा था। शाम करीब 6:45 बजे जैसे ही वह असैनी मोड़ के पास पहुंचा, टैंकर के ऊपरी हिस्से में लगे वाल्व से अचानक गैस का रिसाव होने लगा। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को किनारे रोका और तुरंत पुलिस को सूचना दी। ज्वलनशील गैस के रिसाव की खबर मिलते ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस और यातायात प्रभारी ने सुरक्षा के लिहाज से बाराबंकी शहर से असैनी मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को भी मौके पर बुला लिया गया। प्रशासनिक टीम देर शाम तक गैस रिसाव को पूरी तरह बंद करने के प्रयास में जुटी रही। साथ ही आसपास की दुकानों को भी बंद करा दिया गया, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।