सड़कों के चौड़ीकरण की मांग को लेकर किसानों का पैदल मार्च, अलीपुर चौराहे पर धरना मांगें न मानी गईं तो जून में उग्र आंदोलन की चेतावनी
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। जनपद की अति व्यस्त एवं आवश्यक सड़कों के शीघ्र चौड़ीकरण की मांग को लेकर जनकल्याण किसान एसोसिएशन के बैनर तले सोमवार को ग्वारी शुगर मिल रोड पर किसानों ने पैदल मार्च निकालकर अलीपुर चौराहे पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। यह मार्च रामपुर मोड़ नावर पुलिया से शुरू होकर अलीपुर चौराहे तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारी दोपहर एक बजे तक डटे रहे। धरना स्थल पर किसी सक्षम अधिकारी के न पहुंचने से नाराज होकर संगठन के चेयरमैन श्री यादव अपनी सात सदस्यीय टीम के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारी शिव कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी नाराजगी जताई। इस पर प्रशासनिक अधिकारी ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होगी। ज्ञापन में बताया गया कि जनपद की कई प्रमुख सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को सीधे जिला मुख्यालय से जोड़ती हैं, लेकिन संकरी होने के कारण आवागमन में भारी दिक्कतें होती हैं। इनमें ग्वारी शुगर मिल रोड, मसूदपुर-औरंगाबाद-चंदौली मार्ग, चौधरी पुरवा से बंकी रोड, सूत मिल से जहांगीराबाद रोड, जहांगीराबाद-सद्दीपुर मार्ग, नहर पटरी मार्ग, देवा-चिनहट रोड, भिटौली मार्ग, नूरपुर रोड सहित कई अन्य प्रमुख सड़कें शामिल हैं। चेयरमैन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मई माह के अंत तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो जून में संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा या संबंधित अधिशाषी अभियंता कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष धर्मराज यादव ने किया। इस दौरान प्रदेश, मंडल व जिला स्तर के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, किसान नेता एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









