संयुक्त छापेमारी में 40 लीटर कच्ची शराब बरामद, 80 किलो लहन नष्ट

चार अभियोग दर्ज, ग्रामीणों से अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

संयुक्त छापेमारी में 40 लीटर कच्ची शराब बरामद, 80 किलो लहन नष्ट

निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा
रामनगर (बाराबंकी)। आबकारी विभाग के विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर के निर्देश पर थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर व फिरोजपुर में रामनगर पुलिस एवं आबकारी टीम द्वारा संयुक्त छापेमारी की गई।

इस अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे तथा आबकारी निरीक्षक उमाशंकर चौधरी ने किया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से 15 स्थानों पर दबिश दी, जहां से कुल 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही लगभग 80 किलो लहन (अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त कच्चा माल) मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत चार अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस और आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को अवैध शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि कच्ची शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और कई बार जानलेवा भी साबित हो सकता है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब बनाने या बेचने की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

अभियान से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया। अधिकारियों ने कहा कि जनसुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।