संदिग्ध हालात में महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बेरिया में सोमवार दोपहर एक 35 वर्षीय महिला का शव उसके घर में छप्पर के नीचे दुपट्टे के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि गांव निवासी बब्लू एक सप्ताह पहले काम के सिलसिले में अहमदाबाद गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी सुरसता अपने दो मासूम बच्चों—दिव्यांशी और रौनक—के साथ रहती थी। घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर करीब तीन बजे जब बच्चे घर लौटे तो मां को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो छप्पर के नीचे दुपट्टे के सहारे शव लटका देख बच्चों की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार महिला का पास में रहने वाले एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि मौके से दुपट्टा बरामद किया गया है और पुलिस बच्चों व ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।