लोकभवन लखनऊ से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। सोमवार को मुख्यमंत्री द्वारा लोकभवन, लखनऊ में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण, नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण/शिलान्यास, कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल फोन तथा केंद्रों हेतु ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण डीआरडीए बाराबंकी के गांधी सभागार में किया गया। जनपद की 16 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में से 10 को लोकभवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जनपद स्तर पर कार्यक्रम, लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा द्वारा 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 54 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 5 लाभार्थियों को 5000 रुपये के सांकेतिक चेक, 3 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, 2 बच्चों का अन्नप्राशन तथा 9 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि बाल विकास विभाग मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार मिश्र, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनिल कुमार पाण्डेय, अरुण कुमार पाण्डेय, अनिल कुमार वर्मा, अनुपम मिश्रा, विमल कुमार पाल सिंह, अपर सांख्यिकीय अधिकारी विक्रांत तिवारी सहित मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।









