मुर्गी को लेकर विवाद में एक ही परिवार के कई लोग घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के झांसा पुरवा गांव में मुर्गी को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी अनुप कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर बकरियां और मुर्गियां पालता है। शनिवार को उसकी एक मुर्गी पड़ोसी बेनीराम के दरवाजे पर चली गई थी। इसी बात को लेकर बेनीराम, अवधेश कुमार, शिवा, सचिन, श्लोक कुमार, मनोहर और बलवंता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें अनुप के पिता छविराज, भाई अतुल, राधा और माता श्रीदेवी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल परिजन किसी तरह थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि मुर्गी को लेकर विवाद की शिकायत मिली है, मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।