बेलहरा में ईद मिलन समारोह, समाजसेवियों व पत्रकारों का हुआ सम्मान
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत बेलहरा के भटुवामऊ में समाजसेवी कुंवर मुश्ताक खां के आवास पर ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग शामिल हुए और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। सैम खान फाउंडेशन और वर्क फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में फिल्म डायरेक्टर एवं सैम खान फाउंडेशन के संस्थापक सैम खान ने समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों तथा पत्रकारों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में सैम खान ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत एकता होती है, जिसे हर हाल में बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और गरीब लोगों की मदद करना ही सच्ची इंसानियत है और उनका फाउंडेशन इसी उद्देश्य के साथ लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने सभी धर्मों द्वारा दिए गए एकता और मानवता के संदेश का उल्लेख करते हुए लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर समाज के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। साथ ही उन्होंने फाउंडेशन जैसे संगठनों से जुड़कर समाज उत्थान में योगदान देने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर मुश्ताक खां, मो. आसिफ, मंसूर खान, सोनू खान, सय्यद अनस, गुड्डू खान, समद खान, हाफिज सुफियान, सलमान खान, तन्नू खान, फैसल ज़मीर, फरीदी खान, शानू खान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।









