बेलहरा PHC में बढ़ा मौसमी बीमारियों का प्रकोप, एक दिन में 160 मरीजों का इलाज
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल बेलहरा। नगर पंचायत बेलहरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में मौसम बदलने के साथ मौसमी बीमारियों का असर तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों में इन बीमारियों का अधिक प्रभाव देखा जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में एक ही दिन में कुल 160 मरीजों का इलाज किया गया। इन मरीजों में सर्दी-जुकाम, ब्लड प्रेशर, शुगर, खांसी और सांस संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकांश मरीज इन्हीं लक्षणों के साथ इलाज के लिए पहुंचे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहरा के डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण सिरदर्द की शिकायतें बढ़ रही हैं। उन्होंने सलाह दी कि सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें, फुल आस्तीन के कपड़े पहनें और अधिक मात्रा में पानी पिएं। गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों में दाद-खाज, सिरदर्द, जुकाम और खांसी के मामले बढ़े हैं, जबकि वयस्कों में कमर दर्द की शिकायत भी सामने आ रही है। हालांकि, वायरल फीवर के मामलों में कुछ कमी दर्ज की गई है। ? छेदा PHC में 55 मरीजों का इलाज, बुखार और पेट संबंधी रोग ज्यादा इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छेदा में भी मरीजों की जांच की गई, जहां डॉ. धर्मेंद्र की देखरेख में 55 मरीजों का उपचार किया गया। यहां बुखार और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज अधिक पाए गए, साथ ही कुछ मरीजों में सांस संबंधी समस्याओं के लक्षण भी मिले। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों—बेलहरा और छेदा—में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन भी किया गया। इस दौरान आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा डेंगू, मलेरिया और कोरोना की जांच के लिए रक्त के नमूने भी लिए गए।









