बाॅदा–चित्रकूट मार्ग स्थित मुख्य मार्ग बेड़ी पुलिया चौराहे के सौन्दर्यीकरण कार्य का निरीक्षण आज जिलाधिकारी चित्रकूट एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया।
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। में पर्यटन विकास एवं शहर के सौन्दर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाॅदा–चित्रकूट मार्ग स्थित मुख्य मार्ग बेड़ी पुलिया चौराहे के सौन्दर्यीकरण कार्य का निरीक्षण आज जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह द्वारा किया गया। यह कार्य पर्यटन विभाग के अंतर्गत राज्य सेक्टर योजना से स्वीकृत है तथा कार्यदायी संस्था यू०पी० प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लि०, इकाई-13, बांदा द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना की स्वीकृति संख्या 849/2023/आई/426707/001-41-1002-001-114-2023-213-अजट-2023 पर्यटन अनुभाग चित्रकूट है। परियोजना की स्वीकृत लागत 620.95 लाख रुपये है तथा कार्य प्रारम्भ करने की तिथि मार्च 2026 निर्धारित है। इस परियोजना के अंतर्गत चौराहे पर प्रवेश द्वार, सैंड स्टोन पाथवे, म्यूरल वॉल, व्यू कटर जाली, छतरी व पैडेस्टल, चौराहे का सौन्दर्यीकरण, लैंडस्केपिंग एवं हॉर्टिकल्चर, इलेक्ट्रिकल व लाइटिंग कार्य, डस्टबिन, साइनेज तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित आर्किटेक्ट द्वारा परियोजना के अंतर्गत अब तक किए गए साइट विजिट की तिथियों एवं विवरण की सूचना शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यातायात विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त की गई है अथवा नहीं, इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चौराहे पर बनने वाले निर्माण में ड्राइंग में संशोधन करते हुए इसकी चौड़ाई लगभग 9 मीटर रखी जाए, जिससे यातायात प्रभावित न हो तथा आवागमन सुचारु रूप से बना रहे। चौराहे पर स्थापित की जाने वाली भगवान श्री रामचंद्र जी की मूर्ति की ड्राइंग एवं डिजाइन भी समुचित रूप से तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि स्थल पर स्थित ट्रांसफार्मर को हटाने की संभावित लागत का आकलन शीघ्र कराया जाए तथा विद्युत शिफ्टिंग के संबंध में आवश्यक पत्राचार तत्काल किया जाए। इसके अतिरिक्त जो सेल्फी प्वाइंट विकसित किया जा रहा है, उसकी 3-डी इमेज एवं फोटोग्राफ जिलाधिकारी चित्रकूट से अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद कर्वी के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि टॉयलेट के सामने प्रस्तावित वेंडिंग जोन, पुलिस बूथ, हॉर्टिकल्चर क्षेत्र तथा अन्य सुविधाओं की जगह चिन्हित कर उनकी ड्राइंग एवं डिजाइन शीघ्र अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी कहा कि पाथवे में जो एलाइन्मेंट संबंधी समस्याएं आ रही हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए तथा सेंटर एलाइनमेंट के डिजाइन को आर्किटेक्ट द्वारा पुनः व्यवस्थित किया जाए। हॉर्टिकल्चर कार्य के संबंध में निर्देश दिए गए कि प्लांटेशन, पार्किंग और पाथवे के बीच अव्यवस्थित रूप से न देकर मुख्यतः एंट्री और एग्जिट के पास किया जाए। हॉर्टिकल्चर का रख-रखाव नगर पालिका द्वारा किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि फुटपाथ पर लगभग 3 मीटर की दूरी पर प्लांटर लगाए जाएं, सामान्य घास न लगाई जाए तथा दोनों ओर समान प्रकार के डेकोरेटिव प्लांटर लगाए जाएं जिससे चौराहे का स्वरूप आकर्षक दिखाई दे। निरीक्षण के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि बेड़ी पुलिया चौराहे के पास पुलिया निर्माण का कार्य नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि नीचे से बनी पुलिया का कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मानक के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करें।









