बाराबंकी में भगवान परशुराम जन्मोत्सव व अक्षय तृतीया पर भव्य आयोजन
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। शहर स्थित पंचम दास कुटी दशहरा बाग में भगवान परशुराम जन्मोत्सव एवं अक्षय तृतीया का कार्यक्रम ब्राह्मण कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन आचार्य कन्हैयालाल मिश्र, नंदकिशोर पांडे व दिलीप मिश्र एडवोकेट ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व विधायक चंद्रशेखर त्रिवेदी ने की। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र तिवारी, महामंत्री देश दीपक मिश्र व उपाध्यक्ष देव प्रकाश मिश्र सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कलश पूजन, गौरी-गणेश पूजन, नवग्रह पूजन, पृथ्वी पूजन एवं भगवान विष्णु सहस्त्रनाम हवन के साथ हुआ, जिसे जनकल्याण के उद्देश्य से पंडित सीताकांत मिश्र ने संपन्न कराया। इस अवसर पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर तिलक पूजन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम की कृपा से सभी का जीवन साहस, विद्या और विवेक से परिपूर्ण हो तथा समाज में धर्म, न्याय और सत्य की स्थापना बनी रहे। कार्यक्रम में अध्यक्ष संघ के जिला अध्यक्ष रामशरण पाठक, बलराम पांडे व आचार्य कन्हैयालाल मिश्र सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। ब्राह्मण कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र तिवारी व महामंत्री देश दीपक मिश्र ने मंत्री सतीश चंद्र शर्मा को भगवान परशुराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं मंत्री ने पूर्व विधायक चंद्रशेखर त्रिवेदी, पीसीएस में चयनित आशुतोष तिवारी एवं वरिष्ठ ब्राह्मणजनों को भगवान परशुराम का चित्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष कौशल किशोर त्रिपाठी, वरिष्ठ अधिवक्ता रमन द्विवेदी, सुनीत अवस्थी एडवोकेट, देश दीपक तिवारी, विमलेंद्र तिवारी, राघवेंद्र तिवारी, राहुल मिश्रा, पीयूष मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









