बड्डूपुर में आंबेडकर प्रतिमा खंडित मिलने से हड़कंप, नई प्रतिमा स्थापित

बड्डूपुर में आंबेडकर प्रतिमा खंडित मिलने से हड़कंप, नई प्रतिमा स्थापित

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी): कोतवाली कुर्सी क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरिहानी के अन्नीपुर गांव स्थित निगोहां सायफन सड़क पर बने बौद्ध स्थल पर सोमवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रतिमा जमीन पर गिरी हुई थी और उसका एक हाथ टूटा हुआ था, जिसे देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत राम कन्नौजिया के साथ कुर्सी, घूघटेर और बड्डूपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल नई प्रतिमा मंगाने की व्यवस्था की। पहले टीम बाराबंकी से प्रतिमा लेने गई, लेकिन उपयुक्त न मिलने पर बाद में लखनऊ से नई प्रतिमा मंगाई गई। दोपहर में नई प्रतिमा बौद्ध स्थल पर पहुंची, जिसे ग्रामीणों की मौजूदगी में स्थापित कर दिया गया। घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जिनमें चौधरी तालिब नजीब कोकब, श्रीश रावत और पी.एल. पुनिया शामिल रहे, मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।