फतेहपुर में पानी संकट गहराया, दो दिन से ठप जलापूर्ति से जनता में आक्रोश

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही के चलते फतेहपुर कस्बे में पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। पहले दिन जलापूर्ति बाधित रहने के बाद दूसरे दिन भी सप्लाई बहाल न होने से नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। काजीपुर के तीनों वार्ड, मौलवीगंज के दो वार्ड तथा नालापार दक्षिणी क्षेत्र के आधे हिस्से सहित करीब 10 से 15 हजार की आबादी पानी के अभाव में बुरी तरह प्रभावित दिखी। इन क्षेत्रों में लोग सुबह से शाम तक पानी के लिए भटकते नजर आए, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। नागरिकों का कहना है कि पानी की किल्लत के चलते दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई घरों में पानी के अभाव में साफ-सफाई तक नहीं हो पा रही है। पंप ऑपरेटर जयप्रकाश मौर्य ने बताया कि कस्बे में पुरानी पानी की टंकी और पंप पहले से ही जर्जर स्थिति में हैं। नगर पंचायत द्वारा परिसर में बोरिंग के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही थी, लेकिन बुधवार सुबह अचानक पंप खराब हो जाने से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। पंप खराब होने के कारण पूरे दिन लोग पानी के लिए तरसते रहे। उन्होंने बताया कि पंप को ठीक कराने का कार्य जारी है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद कमर ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं नागरिकों का आरोप है कि समस्या को लेकर अधिशासी अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सकीं, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो जनता का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिल सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी।