परशुराम जयंती पर रामनगर में बुजुर्ग सम्मान समारोह, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

परशुराम जयंती पर रामनगर में बुजुर्ग सम्मान समारोह, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

निष्पक्ष जन अवलोकन रामशंकर वर्मा रामनगर (बाराबंकी)। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर नगर पंचायत सभागार में रविवार को भव्य बुजुर्ग सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बुजुर्गों के सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया। कार्यक्रम का आयोजन व्यापार मंडल अध्यक्ष रविकांत पांडेय एवं समाजसेवी पवन कुमार ओझा के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसकी अध्यक्षता भोलानाथ त्रिपाठी ने की। शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक ने भगवान परशुराम के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद क्षेत्र के बुजुर्गों को अंगवस्त्र एवं भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरा सभागार श्रद्धा व सम्मान के माहौल से सराबोर रहा। कार्यक्रम की खास पहल पर्यावरण संरक्षण को लेकर रही। वन विभाग के उपनिरीक्षक सचिन व दुर्गेश यादव ने पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी के सहयोग से सैकड़ों पौधों का वितरण कराया। साथ ही पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके संरक्षण की जिम्मेदारी सुनिश्चित हो सके। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने बुजुर्गों के सम्मान को समाज की प्राथमिकता बताते हुए युवाओं से उनके अनुभवों से सीख लेने की बात कही। नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक ने भगवान परशुराम के जीवन को सत्य, साहस और धर्म का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। इस अवसर पर रामलखन शुक्ला, प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र, सतीश शुक्ला, भाजपा नेत्री अल्का मिश्रा, कमलेश पांडेय, देवीसरन मिश्रा, सर्वेश शुक्ला एवं किन्नर ललिता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. सुमन अवस्थी, एसपी शुक्ला, राहुल वर्मा, अर्पित दीक्षित, शिवा तिवारी आदि ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर भी आयोजन कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।