नवीन शैक्षिक सत्र का शुभारंभ, हवन-पूजन के साथ हुआ आयोजन
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में नवीन शैक्षिक सत्र का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर वंदना सभा, मां सरस्वती की पूजा एवं हवन-पूजन का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति का मूल मंत्र ज्ञानेन्द्रियों का केंद्रीकरण है। जब हम अपनी इंद्रियों की चेतना को एकाग्र कर अपने उद्देश्य पर ध्यान केंद्रित करते हैं, तो जीवन के श्रेष्ठ लक्ष्य सरलता से प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने वंदना सभा को मन और मस्तिष्क के विकारों को दूर कर एकाग्रता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। अंत में प्रधानाचार्य ने हवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां गायत्री और महामृत्युंजय मंत्रों के उच्चारण से हम अपने विवेक को सही मार्ग पर चलाने तथा जीवन में समर्पण भाव विकसित करने की प्रार्थना करते हैं। इस हवन-पूजन में प्रधानाचार्य अपनी पत्नी के साथ मुख्य यजमान रहे, जबकि वरिष्ठ आचार्य वीरेन्द्र शर्मा ने विधि-विधान से मंत्रोच्चार संपन्न कराया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने हवन कुंड में आहुति देकर नवीन शैक्षिक सत्र के सफल संचालन की कामना की। इसके उपरांत विद्यालय में विधिवत कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया गया।









