दरियाबाद में गैस वितरण को लेकर विवाद, एजेंसी पर गंभीर आरोप
निष्पक्ष जन अवलोकन रत्नाकर पाण्डेय दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में गैस वितरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। क्षेत्र के कुशफर निवासी अशोक सिंह पुत्र अंबिका सिंह ने दरियाबाद ब्लॉक मुख्यालय के सामने स्थित ओम गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवक के अनुसार उसने 15 मार्च को गैस बुक की थी और 16 मार्च को डीएसी कोड भी प्राप्त हो गया था, इसके बावजूद उसे सिलेंडर नहीं दिया गया। युवक मिर्कापुर स्थित वितरण स्थल पर गैस लेने पहुंचा, जहां कर्मचारियों ने उसे लाइन में लगा दिया। आरोप है कि कर्मचारियों द्वारा पीछे से काला बाजारी करते हुए गैस सिलेंडर अन्य लोगों को दिए जा रहे थे। ₹2000 मांगने का आरोप, आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज युवक ने बताया कि जब उसने इस पर आपत्ति जताई तो उससे गैस देने के बदले ₹2000 की मांग की गई। कई दिनों तक लाइन में लगने के बावजूद जब गैस नहीं मिली तो वह आक्रोशित होकर गैस गाड़ी के आगे ही लेट गया। पीड़ित ने 31 मार्च को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से इसकी शिकायत दर्ज कराई है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो ऐसे एजेंसी संचालकों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कालाबाजारी और अवैध वसूली पर रोक लग सके।









