डीएम ने सर्वोदय विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं संग बैठकर किया भोजन
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन के साथ विकास खण्ड बनीकोडर के सनौली स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय विद्यालय, निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। यह विद्यालय आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को आवासीय सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास रूम, कम्प्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशालाओं सहित विभिन्न शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं की पढ़ाई, रहन-सहन, सुविधाओं एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया। भोजन से पूर्व छात्राओं ने मंत्रोच्चार किया। जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता, मात्रा एवं पोषण स्तर के बारे में छात्राओं से फीडबैक लिया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामसनेहीघाट, जिला समाज कल्याण अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









