डंपर को बचाने के प्रयास में फिसली बाइक, परीक्षार्थी सहित दो घायल
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर मंगलवार सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर बदायूं रेफर कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फतेह नगला निवासी संदीप कुमार पुत्र प्रेमसिंह अपने चचेरे भाई अमित कुमार पुत्र एवरन सिंह को दसवीं की परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से क्षेत्र के गांव नागरझूना स्थित चूरामन इंटर कॉलेज ले जा रहा था। बताया जाता है कि जब वे बिजनौर-बदायूं हाईवे पर स्थित रामदास-बृजलाल मेमोरियल इंटर कॉलेज, नगला डल्लू के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक डंपर को बचाने के प्रयास में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान सड़क पर पड़ी बजरी के कारण बाइक काफी दूर तक फिसलती चली गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस सेवा 108 को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।









