कालीबाड़ी मंदिर में विशाल भंडारा, महंत रविंद्र दास ने श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
गोरखपुर के रेती चौक स्थित कालीबाड़ी मंदिर में ज्येष्ठ माह के छठवें बड़े मंगलवार पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। महंत रविंद्र दास ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। ज्येष्ठ मास के पावन छठवें बड़े मंगलवार के अवसर पर रेती चौक स्थित कालीबाड़ी मंदिर में विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में कालीबाड़ी मंदिर के महंत रविंद्र दास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत भगवान श्री हनुमान जी का पूजन-अर्चन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया।
समाजसेवी अमन सिंह द्वारा आयोजित इस भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर महंत रविंद्र दास महाराज ने कहा कि बड़े मंगलवार का पर्व सनातन संस्कृति, सेवा, श्रद्धा और जनकल्याण का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता भारतीय संस्कृति की महान परंपरा रही है, जिसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बजरंगबली की कृपा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को धर्म, सेवा तथा मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध उद्यमी एवं बिल्डर इंजीनियर संजीत श्रीवास्तव, युवा नेता मनीष सिंह, समाजसेवी अमन सिंह, ओम प्रकाश अग्रवाल, गुड्डू चौरसिया, अनिल चौरसिया, दीपक पांडेय, हरेंद्र मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा, जितेंद्र तिवारी, सौरभ, दिनेश सिंह, राजन, राजमणि तिवारी, रोहित, विराट उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन के अंत में सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।









