जल जीवन मिशन में लापरवाही पर किसानों का धरना, आलू के समर्थन मूल्य को लेकर सौंपा ज्ञापन

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। जल जीवन मिशन के तहत पानी सप्लाई न किए जाने से नाराज भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी की अगुवाई में जिला कार्यालय गनौरा पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया। जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी ने बताया कि 22 मार्च को गनौरा में बनी पानी की टंकी में लगे सोलर पैनल का केबल चोर काट ले गए थे। इस संबंध में कई बार अधिशासी अभियंता जल निगम को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे गांव में पानी की गंभीर समस्या बनी रही, जिसके चलते धरना शुरू करना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर पानी सप्लाई चालू नहीं हुई तो 3 अप्रैल को जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास का घेराव किया जाएगा। जिला महासचिव अरविंद यादव ने बताया कि पारा, खंदौली, पलिया मसूदपुर, बिचलंगा, रसूलपुर किदवई और केशारूवा पंचायतों में टंकियां बनी हैं, लेकिन अब तक पानी सप्लाई शुरू नहीं हुई है। धरना स्थल पर पहुंचे अधिशासी अभियंता जल निगम अमित कुमार ने किसानों को आश्वस्त किया कि गनौरा पंचायत में केबल लगवाकर पानी सप्लाई चालू करा दी गई है तथा अन्य पंचायतों में भी दो माह के भीतर सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। साथ ही टोटी आदि लगाकर कार्य पूर्ण करने की बात कही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह के निर्देश पर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करते हुए आलू का समर्थन मूल्य ₹1200 प्रति कुंतल घोषित करने की मांग उठाई गई। इस संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया।