खुझी बनकुटी में गुरु ज्ञान गोष्ठी आयोजित, कर्मयोग पर दिया गया जोर
निष्पक्ष जन अवलोकन निंदूरा (बाराबंकी)। क्षेत्र के खुझी गांव स्थित बनकुटी परिसर में रविवार को अभियान के अंतर्गत गुरु ज्ञान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से अनेक लोग शामिल हुए और आध्यात्मिक विचारों का आदान-प्रदान किया गया। गोष्ठी में श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन तथा श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित समर्पण और कर्मयोग की शिक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभियान के प्रदेश प्रभारी रामहर्ष यादव ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन और गीता का ज्ञान मानव जीवन के कल्याण के लिए परम औषधि के समान है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म करने की प्रेरणा देते हुए कहा था कि मनुष्य को अपना कर्तव्य निभाना ही पड़ता है और कर्म के बाद फल देने का कार्य ईश्वर पर निर्भर है। उन्होंने आगे कहा कि कर्म ही मनुष्य को पुरुषार्थ की ओर ले जाता है, जबकि आडंबर उसे अकर्मण्यता की दिशा में धकेल देता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए निरंतर कर्मरत रहना चाहिए। गोष्ठी में अभियान के क्षेत्रीय स्तर पर प्रभारी एवं सहायक के मनोनयन को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर विश्वनाथ यादव, नन्हेलाल, प्रदीप यादव, अम्बर यादव, विनोद, पंकज, पृथ्वीपाल, सुखराम सहित कई लोग उपस्थित रहे।









