खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत मीर नगर में खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा मीर नगर से प्रारंभ होकर सधाईपुरवा स्थित खाटू श्याम मंदिर तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। यात्रा में सुसज्जित ट्रैक्टर-ट्रॉली पर खाटू श्याम जी की मूर्ति विराजमान रही, जबकि दूसरी ट्रॉली पर डीजे के माध्यम से भजन-कीर्तन चलते रहे। “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु हाथों में केसरिया निशान लिए शामिल हुए, जिनमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों की अच्छी भागीदारी रही। पुष्प वर्षा से स्वागत, सामाजिक एकता का दिया संदेश मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और जलपान व प्रसाद की व्यवस्था की। कई स्थानों पर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, जिससे माहौल और अधिक उत्सवमय हो गया। गांव के युवाओं और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभालते हुए यात्रा को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया। आयोजन में प्रधान प्रतिनिधि सुनील कुमार की अहम भूमिका रही, जिनके नेतृत्व में यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यह निशान यात्रा क्षेत्र में आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दे गई।









