कर्मयोगी प्रशिक्षण से शिक्षकों को तकनीकी दक्षता का संदेश

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर, बाराबंकी। ब्लॉक संसाधन केंद्र फतेहपुर में ब्लॉक के सभी प्रधानाध्यापकों के लिए "कर्मयोगी प्रशिक्षण" कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना रहा। इसमें बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक व शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र प्रसाद ने की। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षकों के लिए नई तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। शासन द्वारा ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, जिससे शिक्षण गुणवत्ता में सुधार संभव है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिक्षक 8 अप्रैल तक "कर्मयोगी पोर्टल" पर प्रशिक्षण पूर्ण करें तथा "प्रशस्त ऐप" के माध्यम से दिव्यांग बच्चों से संबंधित प्रशिक्षण भी समय पर पूरा करें। समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह आवश्यक बताया गया। "स्कूल चलो अभियान" का उल्लेख करते हुए उन्होंने नए सत्र में अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और 100 प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में शिक्षक संघ के पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह, राकेश सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।