एकेटीयू में छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण, वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं का कराया गया अवलोकन
निष्पक्ष जन अवलोकन | विनय सिंह |
बाराबंकी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब द्वारा वैज्ञानिक शोध प्रयोगशालाओं के भ्रमण एवं व्याख्यान कार्यक्रम के अंतर्गत 100 विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया।
ऑडिटोरियम, राजकीय इंटर कॉलेज से जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम में जनपद के पांच विद्यालयों के 100 छात्र-छात्राओं एवं 13 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
विश्वविद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों को रोबोटिक्स एंड इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन लैब, गूगल लैब, साइबर सिक्योरिटी लैब, एआई लैब, इनोवेशन लैब, नैनो टेक्नोलॉजी लैब तथा मैटेरियल केमिस्ट्री एंड सिंथेसिस लैब का भ्रमण कराया गया। रोबोटिक्स लैब में 6-आयामी पिक एंड ड्रॉप रोबोट, ड्राइंग रोबोट, 3डी प्रिंटिंग एवं वेल्डिंग रोबोट के कार्य करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि रोबोट मानव के निर्देशों के अनुसार कार्य करते हैं।
साइबर सिक्योरिटी लैब में डेटा सुरक्षा के महत्व तथा साइबर हमलों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वहीं नैनो टेक्नोलॉजी लैब में पदार्थों को नैनो स्तर पर कोटिंग कर उनकी विशेषताओं के अध्ययन की प्रक्रिया समझाई गई। एआई लैब में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से सुरक्षा और चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में सटीक कार्य करने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर संस्थान की रजिस्ट्रार डॉ. रीना सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच का विकास अत्यंत आवश्यक है और ऐसे कार्यक्रम उनकी जिज्ञासा को बढ़ाते हैं। उन्होंने प्रयोगात्मक शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. राजीव कुमार सिंह द्वारा सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।









