एआई कार्यशाला के साथ भव्य सम्मान समारोह आयोजित

निष्पक्ष जन अवलोकन : विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। बाबा मैरिज लॉन में आचार्य श्री चंद्र देव इंटर कॉलेज द्वारा पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यशाला रही, जिसमें विशेषज्ञ आकाश ने छात्रों को आधुनिक तकनीक की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। समारोह के दौरान मेधावी छात्रों एवं खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। एआई कार्यशाला में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे और नई तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की, जिससे उनके तकनीकी ज्ञान में वृद्धि हुई। प्रधानाचार्य रामचंद्र वर्मा ने अपने संबोधन में छात्रों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष महंत श्री हेमंत दास, उप-प्रधानाचार्य अभिलाष सिंह, ललित वर्मा, प्रवेश जी, मनीष, चंदन सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।