आबादी के बीच चल रहे मुर्गा फार्म पर प्रशासन सख्त, जांच में मिली गंदगी और दुर्गंध

आबादी के बीच चल रहे मुर्गा फार्म पर प्रशासन सख्त, जांच में मिली गंदगी और दुर्गंध

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। मोहल्ला फैयाजपुरा में आबादी के बीच संचालित मुर्गा फार्म को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। तहसील दिवस में मिली शिकायत के बाद सोमवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में तहसीलदार वैशाली अहलावत, अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश राय शामिल रहे। जांच के दौरान फार्म परिसर में भारी गंदगी पाई गई। वहीं आसपास के इलाके में दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों की शिकायतें सही पाई गईं। टीम ने फार्म से करीब 50 मीटर दूरी पर स्थित संतोषी माता मंदिर का भी निरीक्षण किया और मामले को स्वास्थ्य व धार्मिक दृष्टि से गंभीर माना। तहसीलदार वैशाली अहलावत ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।