अफीम की खेती का जिलाधिकारी व एसपी ने किया निरीक्षण

अफीम की खेती का जिलाधिकारी व एसपी ने किया निरीक्षण

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने तहसील नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम मेंहदीपुर मजरे हरख में पोस्ता एवं अफीम की खेती का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद स्थापित किया और अफीम की खेती से होने वाले लाभ एवं उससे जुड़ी चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला अफीम अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 5038 किसान अफीम की खेती कर रहे हैं। इनमें से 4269 किसान सीपीएस पद्धति के अंतर्गत प्रति किसान लगभग 5 एयर भूमि पर खेती कर रहे हैं, जबकि शेष 769 कृषक 1 एयर भूमि पर पारंपरिक चीरा विधि से अफीम उत्पादन कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अफीम की खेती उनकी आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने आधुनिक तकनीकों को अपनाने, उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने और अधिक लाभ अर्जित करने के लिए किसानों को प्रेरित किया। साथ ही आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने निर्देश दिए कि अफीम के संग्रहण, भंडारण एवं अवशेष के निस्तारण की प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपादित किया जाए, ताकि पूरी व्यवस्था पारदर्शी और सुचारु बनी रहे। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं किसान बंधु उपस्थित रहे।