गोरखपुर में बिजली तार विवाद, महिला ने JE पर झूठी रिपोर्ट लगाने का लगाया आरोप
गुलरिहा क्षेत्र की महिला ने घर के ऊपर से बिजली तार खींचे जाने और IGRS शिकायत पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप स्थानीय JE पर लगाया। प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरसेवकपुर नंबर-2 (टोला लक्ष्मीपुर) में बिजली तार को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने बिजली विभाग के स्थानीय जेई तथा कुछ दबंग व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता पूनम साहनी पत्नी सुनील साहनी ने प्रशासनिक अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ स्थानीय दबंगों ने उनके मकान और टीनशेड के ऊपर से जबरन बिजली का तार खींच दिया है। महिला का कहना है कि तार गुजरने के कारण पूरे घर में करंट उतरने और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
पूनम साहनी के अनुसार उनका परिवार लंबे समय से उक्त मकान में रह रहा है तथा वर्ष 2009 से वहां वैध विद्युत कनेक्शन भी लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत उत्तर प्रदेश सरकार के आईजीआरएस पोर्टल पर की तो स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के जेई विजय सिंह ने बिना सही जांच किए एक पक्षीय रिपोर्ट लगा दी।
पीड़िता का आरोप है कि जेई ने अपनी रिपोर्ट में उनके मकान को सरकारी जमीन पर निर्मित बताया, जबकि जमीन उनकी निजी संपत्ति है। महिला का कहना है कि शिकायत का मूल मुद्दा घर के ऊपर से अवैध तरीके से बिजली का तार ले जाना और परिवार की सुरक्षा था, लेकिन जांच रिपोर्ट में उसे नजरअंदाज कर दिया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की इस कार्यशैली से दबंगों के हौसले और बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक न तो तार हटाया गया और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए।
पीड़िता ने प्रशासन से पूरे मामले की किसी उच्चाधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके घर के ऊपर से गुजर रहे तार को हटाने की अपील की है।
महिला ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना, करंट लगने या जानमाल की हानि होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दबंग व्यक्तियों तथा लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों की होगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार भी घरों के ऊपर से गुजरते बिजली तार लगातार हादसों का कारण बनते रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेकर जल्द समाधान कराने की मांग की है।









