सरस्वती शिशु मंदिर में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह संपन्न, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

सरस्वती शिशु मंदिर में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह संपन्न, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह बड़े ही गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अवधेश कुमार मिश्रा तथा विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक लालबहादुर वर्मा व कोषाध्यक्ष विजय जैन द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार वर्मा ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतरता, निष्ठा और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि यही गुण जीवन में सफलता दिलाते हैं। साथ ही उन्होंने भगवान महावीर स्वामी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य राधेश्याम वर्मा एवं कार्यालय प्रमुख प्रवेश श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विभिन्न श्रेणियों में छात्रों को मिला सम्मान समारोह में विभिन्न वर्गों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में कक्षा 8B की खुशबू वर्मा को “सरस्वती श्री” तथा कक्षा 8A के शिवम कुमार को “सरस्वती रत्न” से अलंकृत किया गया। वहीं माध्यमिक वर्ग में शुभी वर्मा को “सरस्वती ज्योति” एवं रत्नेश प्रकाश श्रीवास्तव को “सरस्वती भूषण” की उपाधि प्रदान की गई। अखिल भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में शिवम कुमार (8A) को “संस्कृति गौरव” तथा अनन्य श्री (8B) को “संस्कृति गरिमा” से सम्मान मिला। माध्यमिक वर्ग में अनुभव सिंह (9A) को “संस्कृति गौरव” एवं शिवानी वर्मा (10B) को “संस्कृति गरिमा” की उपाधि दी गई। अनुशासन, वेशभूषा एवं उपस्थिति के आधार पर भी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। जूनियर वर्ग में आयुष (8B) को “विद्यालय गौरव” तथा काव्यांजलि (6B) को “विद्यालय गरिमा” से सम्मानित किया गया। वहीं माध्यमिक वर्ग में ऋषि सिंह (11A) एवं महक वर्मा (9A) को भी इसी श्रेणी में सम्मान मिला। इसके अतिरिक्त कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को मंच से पुरस्कृत किया गया। हिंदी एवं अंग्रेजी सुलेख तथा निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अवधेश कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा दी तथा अपने जीवन के अनुभव साझा कर उनका उत्साहवर्धन किया। कोषाध्यक्ष विजय कुमार जैन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो इस बार सम्मानित नहीं हो सके हैं, वे आगे और अधिक मेहनत कर सफलता प्राप्त करें। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ आचार्य अनिल कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कल्याण मंत्र के साथ समारोह का समापन हुआ।