सरस्वती शिशु मंदिर में प्रवेश परीक्षा सम्पन्न, 121 विद्यार्थियों ने लिया भाग
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल
फतेहपुर (बाराबंकी)। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा षष्ठ, नवम व एकादश (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम) की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक एवं भैया-बहन उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य बीरेंद्र कुमार वर्मा ने अभिभावकों व विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “छात्र हमारा आराध्य है। समाज व राष्ट्रसेवा हेतु मानवीय संवेदनाओं से युक्त श्रेष्ठ नागरिकों का निर्माण हमारा उद्देश्य है।” उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था के परिष्करण एवं परिमार्जन के लिए विभिन्न सोपानों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी अन्य शिक्षण संस्था से कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि वे चाहते हैं कि सभी शिक्षण संस्थाएं राष्ट्रीयता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव भाव रखने वाले नागरिकों के निर्माण में सहयोगी बनें। इसी उद्देश्य से समय-समय पर अन्य शिक्षण संस्थानों से भी संपर्क किया जाता है। अंत में उन्होंने विद्यालय आकर अपने पाल्यों को प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित कराने के लिए अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय के कोषाध्यक्ष विजय जैन ने परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संतोष व्यक्त किया। प्रवेश परीक्षा में कुल 121 भैया-बहनों ने प्रतिभाग किया।









