सतरिख नगर पंचायत में तहबाजारी वसूली पर रोक, ठेका न होने से लिया गया निर्णय
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह सतरिख (बाराबंकी)। नगर पंचायत सतरिख में इस वर्ष अभी तक वाहनों से तहबाजारी वसूली का ठेका नहीं हो सका है। ऐसे में प्रशासन ने एक अप्रैल से वाहनों से तहबाजारी वसूली पर पूरी तरह रोक लगा दी है। स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति सवारी या अन्य वाहनों से अवैध वसूली करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि बीते वर्ष मार्च माह में वाहन स्टैंड का ठेका एक लाख 42 हजार रुपये में हुआ था। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए तहबाजारी ठेका की प्रक्रिया 31 मार्च से पहले पूरी हो जानी थी, लेकिन अधिशासी अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण नीलामी प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी। नगर पंचायत अध्यक्ष रेहान कामिल ने बताया कि ठेका प्रक्रिया पूर्ण न होने के कारण यह निर्णय लिया गया है कि जब तक वाहन स्टैंड का ठेका नहीं हो जाता, तब तक किसी भी वाहन से कोई वसूली नहीं की जाएगी। यह फैसला वाहन स्वामियों और चालकों की मांग पर लिया गया है। उन्होंने बताया कि वाहन चालकों और स्वामियों ने संयुक्त रूप से अनुरोध किया था कि नीलामी प्रक्रिया पूरी होने तक तहबाजारी वसूली बंद रखी जाए। इसी के मद्देनजर नगर पंचायत प्रशासन ने यह अहम कदम उठाया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए वसूली करता मिला, तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









