श्री अलबेली सरकार मंदिर में रंगों की अद्भुत छटा, भक्ति और उल्लास के साथ खेली गई होली

श्री अलबेली सरकार मंदिर में रंगों की अद्भुत छटा, भक्ति और उल्लास के साथ खेली गई होली

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

मथुरा। बरसाना और नंदगांव के बाद भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में भी होली का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। ब्रज के परम दिव्य स्थल श्री अलबेली सरकार मंदिर में होली महोत्सव बड़ी धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया। श्री अलबेली सरकार एवं श्री जुगल सरकार के विग्रहों को होली के पावन अवसर पर विशेष श्रृंगार एवं मनोहारी पोशाक धारण कराई गई। मंदिर में भक्ति, संगीत और रंगों का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर ब्रज के रसिक भक्त कलाकारों द्वारा होली गायन की सुमधुर प्रस्तुति दी गई। गौरशी शर्मा, प्रियांशी शर्मा और प्रियम शर्मा ने अपनी भजन गायकी से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके सुरों पर भक्त झूम उठे और पूरा वातावरण “उड़त गुलाल लाल भए बदरा” जैसे पारंपरिक होली गीतों की गूंज से सराबोर हो गया। होली खेलने आए भक्तों पर भक्ति का रंग सिर चढ़कर बोल रहा था। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम रंग में डूबकर आनंदपूर्वक होली खेलते नजर आए। जैसे ही लीला मंच पर राधा-कृष्ण के स्वरूपों ने फूलों की होली प्रारंभ की, वहां उपस्थित श्रद्धालु स्वयं को रोक नहीं सके और उत्साहपूर्वक उसमें सहभागी बने। राधारानी मंदिर में खेली गई इस अनोखी होली में भाग लेकर प्रत्येक श्रद्धालु ने स्वयं को धन्य महसूस किया। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, प्रेम और उल्लास के रंगों से सराबोर हो उठा।