श्रद्धांजलि सभा में दादा संग्राम सिंह वर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री स्वर्गीय दादा संग्राम सिंह वर्मा को पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि दादा संग्राम सिंह वर्मा बेहद नेकदिल, मिलनसार और प्रखर व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने हमेशा सभी जाति-धर्म के लोगों का सम्मान करते हुए गरीब, कमजोर और जरूरतमंदों की मदद की, यही कारण है कि आज जनपद के कोने-कोने में लोग उन्हें याद कर रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका परिषद में उनके सम्मान में एक आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प भी लिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश वर्मा ने कहा कि संग्राम सिंह वर्मा का जीवन गांव, गरीब और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। वहीं सदर विधायक धर्मराज सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में छात्रों और युवाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जो आज भी लोगों के दिलों में अंकित हैं। जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, पूर्व एमएलसी राजेश यादव ‘राजू’ सहित अन्य वक्ताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह वर्मा ने अपने बड़े भाई के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लेते हुए उनकी स्मृति में पार्टी कार्यालय में दो ए.सी. और साउंड सिस्टम स्थापित कराने की घोषणा की। प्रदेश प्रवक्ता फैजान किदवई ने कहा कि दादा संग्राम सिंह वर्मा हर व्यक्ति की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, पूर्व विधान परिषद सदस्य अरविंद यादव, प्रदेश सचिव हुमायूं नईम खान, डॉ. कुलदीप सिंह, राजेंद्र वर्मा ‘पप्पू’, सुरेश चंद्र गौतम, चौधरी जितेंद्र पटेल, दानिश सिद्दीकी, समीम चौधरी, जिला महामंत्री हिमांशु यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









