रायबरेली में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, दोस्ती में दरार बनी मौत की वजह
निष्पक्ष जन अवलोकन
धीरेन्द्र कुमार
रायबरेली, 28 फरवरी 2026।
जनपद में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली नगर क्षेत्र के रहने वाले युवक अजय कुमार के लापता होने के मामले में पुलिस की सक्रियता और सर्विलांस की मदद से हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई।
पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को वादीनी कुसुम देवी ने अपने पुत्र अजय कुमार के लापता होने की सूचना दी थी। बताया गया कि अजय 21 फरवरी को दोपहर में घर से दोस्तों से मिलने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
27 फरवरी को अजय का शव भदोखर थाना क्षेत्र के कुड़रिया गांव के पास नहर किनारे बरामद हुआ। शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच तेज कर दी।
28 फरवरी को कोतवाली नगर पुलिस व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चकवेलियापुर मोड़, मटिहा रोड से दो आरोपियों — अंकुश यादव और गौरव उर्फ अजीत यादव — को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
हत्या की वजह:
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान महिला मित्र को लेकर आपसी विवाद और रंजिश गहराई, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर अजय की हत्या कर दी और शव नहर किनारे फेंक दिया।
बरामदगी व कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अदद आलाकत्ल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1)/238 बीएनएस व 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
इस खुलासे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है।