रामसनेहीघाट में बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम, विकास को मिलेगी नई गति
निष्पक्ष जन अवलोकन रामबाबू मिश्रा रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। आदर्श नगर पंचायत के रूप में तेजी से विकसित हो रही रामसनेहीघाट नगर पंचायत में अब अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम निर्माण की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है। खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने इसके लिए भूमि तलाशने की प्रक्रिया तेज करा दी है, जिससे क्षेत्र को नई पहचान मिल सके। मंत्री सतीश शर्मा के प्रयासों से नगर पंचायत में बीते वर्षों में 30 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव के माध्यम से तैयार प्रस्तावों के आधार पर कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। इनमें शादी-विवाह व सामाजिक आयोजनों के लिए भव्य कल्याण मंडप, भिटरिया स्थित रोडवेज बस स्टेशन, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व जल निकासी व्यवस्थाएं तथा ओवरब्रिज के पास तालाब को ‘अटल सरोवर’ के रूप में विकसित कर पर्यटन स्थल बनाना शामिल है। इसके अलावा युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मिनी स्टेडियम का निर्माण भी कराया गया है, जिसमें इनडोर और आउटडोर खेलों की व्यवस्था उपलब्ध है। राज्य मंत्री ने बताया कि बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बैठकों और आयोजनों के लिए ऑडिटोरियम की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए करीब 1000 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम प्रस्तावित है। भूमि उपलब्ध होते ही शासन को प्रस्ताव भेजकर स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम बनने से क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।









