मोहर्रम का जुलूस परंपरागत मार्गों से ही निकाला जाए : सीओ गरिमा पंत
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।
रामनगर, बाराबंकी। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रामनगर थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मोहर्रम के सभी जुलूस पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएं। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुसार आठ फुट से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिससे कर्बला तक ले जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीओ ने कहा कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर पेड़ों की कटाई-छंटाई नहीं की जाएगी और न ही किसी प्रकार के निर्माण को हटाया जाएगा। यदि किसी गांव या क्षेत्र में किसी प्रकार का विवाद है तो उसकी जानकारी पहले से प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक ने कहा कि रामनगर क्षेत्र गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है, जहां सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि जुलूस के दौरान झंडों में लोहे की रॉड एवं हरे बांस का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान फतेहुल्लाहपुर निवासी मोहम्मद हसन ने लटकते बिजली के तारों को ठीक कराने तथा बुढ़वल गांव में कर्बला मार्ग पर लगाए गए कंटीले तार हटवाने की मांग की। इस पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में इंस्पेक्टर सुभाष यादव, अतिरिक्त निरीक्षक राज बहादुर सरोज, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय, गजेंद्र विक्रम सिंह, राज कनौजिया, बीपी सिंह, अवनीश मिश्रा, केडी खान, शुभम जायसवाल, दयाशंकर तिवारी, डॉ. मोहम्मद सलीम, अब्दुल मन्नान, मोहम्मद अंसार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









