मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का किया निरीक्षण, 15 जुलाई तक कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का किया निरीक्षण, 15 जुलाई तक कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

निष्पक्ष जन अवलोकन

रामशंकर वर्मा।

रामनगर, बाराबंकी। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को बाराबंकी के बाढ़ कार्य खंड अंतर्गत संचालित बाढ़ सुरक्षा एवं गांव बचाव परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सबसे पहले किमी-22 पर निर्माणाधीन तीन ठोकरों का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि साइड पिचिंग का कुछ कार्य शेष था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्य 15 जुलाई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने ठोकरों की नोज के निर्माण की सराहना करते हुए ठोकर संख्या-3 की लंबाई, नोज की चौड़ाई एवं गहराई की जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद मंत्री किमी-40 स्थित तिवारी पुरवा गांव बचाव परियोजना पहुंचे, जहां उन्होंने बोरियों से की गई पिचिंग का निरीक्षण किया और शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ एवं नदी कटान से गांवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 300 बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनकी नियमित निगरानी की जा रही है और अधिकांश परियोजनाएं पूर्णता की ओर हैं।

उन्होंने कहा कि लोधेश्वर धाम का भव्य कॉरिडोर भी तेजी से विकसित किया जा रहा है। इसके पूर्ण होने से धाम की भव्यता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक शरद अवस्थी, बाढ़ कार्य खंड के अधिशासी अभियंता एस.के. सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार, उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी सहित लखनऊ एवं अयोध्या मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद स्थानीय डाक बंगले में मंत्री ने सिंचाई विभाग, जल जीवन मिशन एवं नलकूप परियोजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम पूरी तरह मुस्तैद रही और मंत्री द्वारा मांगी गई सभी जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। मंत्री ने चल रहे कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए समयबद्ध ढंग से परियोजनाएं पूर्ण करने पर बल दिया।