भारत पेट्रोलियम पंप पर लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हादसा
निष्पक्ष जन अवलोकन रत्नाकर पाण्डेय बाराबंकी। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के बदोसराय रोड स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर गंभीर लापरवाही और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने पंप प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, रात्रि में पंप परिसर के बाहर नियमों के विपरीत साधारण रस्सी बांधकर रास्ता अवरुद्ध किया जाता है, जबकि नियमानुसार वहां रेडियम या रिफ्लेक्टर पट्टी लगाई जानी चाहिए, जो अंधेरे में स्पष्ट दिखाई देती है और दुर्घटनाओं से बचाव करती है। हाल ही में एक व्यक्ति अनजाने में वहां पहुंच गया और रस्सी उसके गले में फंस गई, जिससे वह बाइक सहित गिरकर घायल हो गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने घायल की सहायता तक नहीं की। इसके अलावा पंप पर कई अन्य कमियां भी उजागर हुई हैं। हवा भरने की मशीन उपलब्ध नहीं है। ठंडे व शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। शौचालय की नियमित साफ-सफाई नहीं की जाती। शिकायत पुस्तिका भी उपलब्ध नहीं कराई जाती। बताया जा रहा है कि एक मशीन 24 फरवरी से बंद पड़ी है, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। वहीं रात्रि में बाहर की लाइटें भी बंद रहती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी गंभीर खामियों के बावजूद संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि पेट्रोल पंप की निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा व सुविधाओं के मानकों की समीक्षा की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।









