भाजपा के 46वें स्थापना दिवस की तैयारियां तेज, 5 से 12 अप्रैल तक चलेंगे कार्यक्रम

भाजपा के 46वें स्थापना दिवस की तैयारियां तेज, 5 से 12 अप्रैल तक चलेंगे कार्यक्रम

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित जिला बैठक में कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। यह अभियान 5 अप्रैल से शुरू होकर 12 अप्रैल तक विभिन्न चरणों में संचालित होगा। एमएलसी एवं जिला प्रभारी ई. अवनीश सिंह पटेल ने स्थापना दिवस कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और इसके करोड़ों कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प के साथ देश को विश्व गुरु बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, इसलिए स्थापना दिवस को समाजसेवा के अवसर के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5, 6 और 7 अप्रैल को जिला एवं मंडल कार्यालयों को रंगोली, फूलों और इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को पार्टी कार्यालय पर ध्वजारोहण होगा, जबकि 6 और 7 अप्रैल को सभी बूथों पर महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाकर सेल्फी अभियान भी चलाएंगे और सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। 8 अप्रैल को जिला स्तरीय सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। वहीं 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम व बस्ती संपर्क अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, सम्मान कार्यक्रम तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने कहा कि नवनियुक्त कार्यकारिणी के सभी सदस्य पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लेकर इन्हें ऐतिहासिक बनाएंगे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान के संयोजक विजय आनंद बाजपेई ने किया। इस अवसर पर एससी-एसटी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ रावत, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।