बुढ़वल में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, जेवर व नकदी लेकर फरार

बुढ़वल में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, जेवर व नकदी लेकर फरार

निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा

रामनगर (बाराबंकी)। थाना रामनगर क्षेत्र के बुढ़वल गांव में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए कीमती जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बुढ़वल निवासी संतोष कुमार मिश्रा किसी रिश्तेदार के यहां टिकैतनगर में आयोजित शादी समारोह में गए हुए थे। पीड़ित के अनुसार, उनके घर से निकलने के बाद ही चोरों ने मौके का फायदा उठाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। घर के कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी लगभग 20 ग्राम सोने की चेन तथा करीब 25 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए।

जब संतोष कुमार मिश्रा घर लौटे तो दरवाजे का टूटा ताला और कमरे में बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। अलमारी खुली पड़ी थी और कीमती सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पीड़ित ने तत्काल पीआरबी 112 पर सूचना दी।

मौके पर पहुंची पीआरबी टीम ने स्थिति का जायजा लेकर थाना रामनगर पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि अभी तक पीड़ित की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।