बाइक की भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल

बाइक की भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी) थाना क्षेत्र में खाली नगर स्थित मुर्गा फार्म के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान थाना क्षेत्र के पकरियापुर निवासी 28 वर्षीय विवेक पुत्र राधेलाल और 35 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र किशन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। विवेक दूध देने के लिए घर से निकले थे, जबकि वीरेंद्र बिलौली बाजार से अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, खाली नगर के पास मुर्गा फार्म के समीप पहुंचते ही दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, विवेक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया है। वहीं वीरेंद्र का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।