बड्डूपुर में मिली अज्ञात युवती के शव की हुई शिनाख्त, चिनहट की वंदना चौबे निकली मृतका

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। कोतवाली बड्डूपुर क्षेत्र के बाबा त्यागी दास कुटी के पास शारदा सहायक नहर की पटरी पर 15 अप्रैल को मिली अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त हो गई है। युवती की पहचान लखनऊ के चिनहट निवासी वंदना चौबे (16 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल की सुबह गांव के लोगों ने नहर किनारे शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। प्रथम दृष्टया युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। पुलिस शव की शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास कर रही थी और आसपास के थानों व सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी क्रम में रविवार को लखनऊ की चिनहट पुलिस ने शव की पहचान वंदना चौबे पुत्री विजय कुमार चौबे निवासी चिनहट के रूप में की। कोतवाली बड्डूपुर प्रभारी मनोज कुमार सोनकर के अनुसार, 14 अप्रैल को वंदना अपने पिता के साथ कहीं गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। 15 अप्रैल को उसका शव बड्डूपुर क्षेत्र में बरामद हुआ। वहीं, परिजनों द्वारा चिनहट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बाद में परिजनों ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वंदना की हत्या किसने की और शव को बड्डूपुर क्षेत्र में लाकर क्यों फेंका गया। इस मामले में चिनहट पुलिस जांच में जुटी हुई है।