पवैया वीरान प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव व प्रवेश उत्सव संपन्न, जागरूकता रैली निकाली गई

पवैया वीरान प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव व प्रवेश उत्सव संपन्न, जागरूकता रैली निकाली गई

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। प्राथमिक विद्यालय पवैया वीरान के प्रांगण में वार्षिकोत्सव एवं प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, एआरपी अभिषेक नाग, संध्या कबीर, शिवपूजन शर्मा, अनूप कुमार तथा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रीति मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापिका प्रीति मिश्रा एवं समस्त स्टाफ के सहयोग से अतिथियों का स्वागत इको क्लब के “मिशन लाइफ” के तहत विशेष रूप से किया गया। सभी अतिथियों को पीपल के पत्तों पर गेंदे का पुष्प सजाकर बैज के रूप में पहनाया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता नजर आया। इसके पश्चात ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत पूरे गाँव में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” तथा “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम ने न केवल शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का भी संदेश दिया।