पत्रकारिता दिवस पर वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव सम्मानित
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (एनयूजे) उत्तर प्रदेश की चित्रकूट इकाई की ओर से नगर पालिका सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव तथा नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता मौजूद रहे। इस दौरान तीन दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित और समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव को सम्मानित किया गया। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट उत्तर प्रदेश की प्रदेश समिति के सदस्य रतन पटेल के संयोजकत्व में आयोजित समारोह में अतिथियों ने शंकर प्रसाद यादव को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि पत्रकारिता जनसेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। पत्रकार अपनी लेखनी के जरिए समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से समाज के नवनिर्माण तथा जिले के विकास में अपना योगदान निरंतर देते रहें। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि पत्रकार समाज की रीढ़ होते हैं। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार देश और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सजगता और सक्रियता से आम जनता की समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचती हैं, जिससे उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है। सम्मान समारोह में उपस्थित पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव के लंबे पत्रकारिता जीवन और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और जनसरोकारों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अरुण तिवारी, बीपी पटेल, पुष्पराज कश्यप, राकेश कुमार, अभिषेक कुमार, अंकित जायसवाल सहित अन्य पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









