तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से छात्र गंभीर घायल, हालत स्थिर

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर, बाराबंकी । सड़क हादसे में साईं कान्वेंट स्कूल के कक्षा 9 के छात्र गुरजन सिंह (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। छात्र स्कूल से बाइक पर घर लौट रहे थे, तभी बिहार क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरजन सिंह सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना स्कूल प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही स्कूल के प्रबंधक विपिन राठौर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल छात्र को अपनी निजी कार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने घायल छात्र का प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार छात्र को कई स्थानों पर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉ. अवधेश की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर छात्र को जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता देखने को मिली। लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे बढ़ सकते हैं।