तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर (बाराबंकी)। फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट आकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र निवासी आकाश सिंह फतेहपुर से वापस लौट रहे थे। दादनपुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात आलू लदे ट्रैक्टर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आकाश सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को संभालते हुए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।