टिकैतनगर में महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
निष्पक्ष जन अवलोकन रत्नाकर पांडे टिकैतनगर। भगवान महावीर स्वामी की पावन जयंती के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ किया गया। जैन मंदिर से निकली शोभायात्रा पूरे नगर में भ्रमण करती हुई मुख्य चौराहे तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शोभायात्रा की सबसे आकर्षक झलक यह रही कि लकड़ी के सुसज्जित रथ पर भगवान महावीर विराजमान थे। इस रथ को जैन समाज की बेटियों और बेटों ने अपने कंधों से खींचकर आस्था और समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रसाद व सेवा कार्यक्रमों ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता मुख्य चौराहे पर सुबह 10 बजे से ही प्रसाद वितरण की भव्य व्यवस्था की गई थी। जैन समाज के युवाओं एवं समाजसेवियों ने मिलकर श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से प्रसाद वितरित किया। ऋषभ जैन, सौरभ जैन, तरुण जैन, शुभम जैन, अक्षत जैन, हर्ष जैन, सुमित जैन, रंजीत जैन, पिंकू जैन, सिंटू जैन, अंबुज जैन, सपन जैन, इलू जैन, पारस जैन, संजू जैन, धनंजय जैन, रमेश जैन सहित अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा। वहीं मेन मार्केट में लाल शांति जैन परिवार द्वारा गन्ने के ताज़ा रस की विशेष व्यवस्था की गई। मौके पर गन्ना मशीन लगाकर श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं ठंडा रस पिलाया गया। दिव्या जैन एवं अरिहंत जैन की ओर से भी जूस सेवा का विशेष प्रबंध किया गया, जिसकी लोगों ने खूब सराहना की। नगर के विभिन्न स्थानों एवं घर-घर पर भी प्रसाद वितरण किया गया, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय हो उठा। महावीर जयंती का यह आयोजन सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।









