जरगवीर बाबा मंदिर के पास स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे जयकारे
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के जरगवीर बाबा मंदिर के पास स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर करीब 4 बजे से ही मंदिर परिसर में भक्तों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बन गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना जारी रहा। भक्तों ने खाटू श्याम बाबा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा। मंदिर परिसर में भक्तों द्वारा बाबा के जयकारे लगाए गए, जिससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शन के लिए कतारबद्ध प्रणाली लागू की गई, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रही। इसके अलावा प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रविवार होने के कारण दूर-दराज के गांवों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय लोगों का भी सराहनीय सहयोग रहा। दिनभर चले इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालुओं ने शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।









